मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी पंचतत्व में विलीन हो गईं। अपनी मां को अंतिम विदाई देते समय सीएम योगी भावुक हो गए। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित पैतृक गांव पंचूर में उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। मुख्यमंत्री कई बार रूमाल से आंसू पोंछते नजर आए।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। उनके छोटे बेटों शैलेंद्र और महेंद्र ने मां को मुखाग्नि दी।इससे पहले पौड़ी गढ़वाल जिले के पैतृक गांव पंचूर से सुबह 8:50 बजे उनकी अंतिम यात्रा शुरू हुई। गांव से हरिद्वार तक के सफर में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और परिजन शामिल रहे।
करीब 11:40 बजे अंतिम यात्रा चंडी घाट पहुंची। यहां अंतिम संस्कार की धार्मिक परंपराओं के अनुसार रस्में निभाई गईं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। इस दौरान वह भावुक नजर आए। घाट पर अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए साधु-संतों, राजनीतिक हस्तियों और गणमान्य लोगों का पहुंचना जारी रहा। 13 अखाड़ों के आचार्य और श्रीमहंत भी अंतिम विदाई में शामिल हुए।
सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार में किए जाने के पीछे परिवार की परंपरा भी जुड़ी है। पंचूर गांव के लोग अपने परिजनों का अंतिम संस्कार परंपरागत रूप से हरिद्वार में करते हैं। इसी परंपरा के अनुसार सावित्री देवी को भी पैतृक घाट लाया गया। इससे पहले योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन 21 अप्रैल 2020 को हुआ था। कोरोना संक्रमण के दौर में परिस्थितियों के चलते उनका अंतिम संस्कार हरिद्वार के बजाय फूलचट्टी घाट पर किया गया था।
