रामनगर के कोसी रेंज में घास लेने जा रहे दंपती की बाइक पर बाघ ने हमला किया और महिला को जबड़े में दबाकर जंगल की ओर घसीटने लगा। पति के शोर मचाने पर बाघ महिला को छोड़कर भाग गया। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज स्थित ग्रासलैंड की ओर घास लेने जा रहे दंपत्ति की बाइक पर बाघ ने हमला कर दिया। हमले में बाइक सवार दंपति गिर गए, इसके बाद बाघ ने महिला के हाथ को जबड़े में दबाकर जंगल की ओर घसीटना शुरू कर दिया। पत्नी को बाघ के चंगुल में फंसा देख पति ने शोर मचाया। इसके बाद बाघ महिला को छोड़कर जंगल में भाग गया। वहीं घायल महिला को उपचार के लिए सरकारी लाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को भर्ती कर लिया।
जानकारी के अनुसार टेड़ा निवासी 50 वर्षीय बबली देवी पत्नी दर्शन सिंह बुधवार सुबह अपने पति के साथ मवेशियों के लिए घास लेने जा रही थीं। ग्रासलैंड क्षेत्र में अचानक बाघ ने उनकी चलती बाइक पर हमला कर दिया। हमले से दोनों सड़क पर गिर गए। इसके बाद बाघ बबली देवी को जंगल की ओर खींचने लगा। इसी बीच पति ने हो हल्ला हो कर शोर मचाया। इसके बाद बाघ महिला को छोड़कर जंगल में भाग गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पर्यटकों की जिप्सी से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया।
रामनगर वन प्रभाग के डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया ने बताया कि घायल महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटनास्थल पर वन विभाग की गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मॉनिटरिंग की जा रही है। लोगों को घटनास्थल के आसपास अकेले नहीं आने को कहा गया है। बताया कि महिला की पीठ में पंजों के निशान लगे हैं।
