वाराणसी: देव दीपावली के पावन अवसर पर बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में भव्य और अद्भुत नजारा देखने को मिला। गंगा के घाटों, कुंडों और सरोवरों पर करीब 21 लाख दीप जलाए गए, जिससे पूरी काशी दीपों की रोशनी से जगमगा उठी। इस बार देव दीपावली का मुख्य आकर्षण 2100 मेड इन इंडिया ड्रोन से आयोजित भव्य शो रहा, जिसमें आसमान में भगवान शिव, महेश्वर सूत्र और शिव तांडव की मनमोहक आकृतियां दिखाई गईं।
वहीं, दशाश्वमेध घाट पर 21 अर्चकों और 42 देव कन्याओं ने विशेष महाआरती की। इस वर्ष पहली बार काशी के 51 गंगा घाटों पर एक साथ गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिसने देव दीपावली के उत्सव को और भी खास बना दिया।
पहली बार काशी के 51 घाटों पर एक साथ हुई गंगा आरती
देव दीपावली की शाम काशी के प्रमुख गंगा घाट शंखनाद, घंटियों और वैदिक मंत्रोच्चार से गूंज उठे। आदि केशव घाट से लेकर सामने घाट तक गंगा के अर्धचंद्राकार तट पर 51 प्रमुख घाटों पर एक साथ गंगा आरती का आयोजन किया गया।
इस दौरान रामघाट पर भी पहली बार गंगा आरती हुई। अस्सी घाट का नजारा भी बेहद आकर्षक रहा। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते घाट और गंगा की लहरों पर तैरते हजारों दीप ऐसे लग रहे थे, मानो मां गंगा को रोशनी का हार पहनाया गया हो।
अस्सी, तुलसी, भदैनी से लेकर चेतसिंह घाट तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हर तरफ दीपों की रोशनी और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

दशाश्वमेध घाट पर 21 अर्चकों और 42 देव कन्याओं ने की महाआरती
देव दीपावली पर दशाश्वमेध घाट में गंगा सेवा निधि की ओर से विशेष महाआरती का आयोजन किया गया। इसमें 21 अर्चकों और 42 देव कन्याओं ने हिस्सा लिया। देव कन्याओं ने ऋद्धि और सिद्धि का स्वरूप प्रस्तुत किया।
दीपों की जगमगाहट, वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और डमरू की गूंज के बीच मां गंगा की आराधना की गई। इस अद्भुत दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक घाटों पर मौजूद रहे।
केंद्रीय देव दीपावली महासमिति के अनुसार, इस वर्ष काशी के 84 घाटों पर करीब 200 समितियों की ओर से दीपदान की व्यवस्था की गई थी।

2100 ड्रोन से आसमान में दिखा भगवान शिव का तांडव
इस बार देव दीपावली का आकर्षण केवल गंगा के घाटों तक सीमित नहीं रहा। गंगा पार रेती पर चेतसिंह घाट के सामने पहली बार 2100 मेड इन इंडिया ड्रोन की मदद से भव्य ड्रोन शो आयोजित किया गया।
करीब 10 मिनट तक चले इस शानदार प्रदर्शन में ड्रोन ने एक के बाद एक 15 अलग-अलग आकृतियां बनाईं। आसमान में भगवान शिव, महेश्वर सूत्र और शिव तांडव की आकृतियां देखकर श्रद्धालु और पर्यटक रोमांचित हो उठे।
आधुनिक तकनीक और भारतीय संस्कृति के इस अनूठे संगम ने देव दीपावली के उत्सव को एक नई पहचान दी।

परंपरा और आधुनिक तकनीक के संगम से यादगार बनी काशी की देव दीपावली
इस वर्ष काशी की देव दीपावली में आस्था, संस्कृति और आधुनिक तकनीक का अद्भुत संगम देखने को मिला। 21 लाख दीयों की रोशनी, 51 घाटों पर एक साथ गंगा आरती और 2100 ड्रोन से भगवान शिव के तांडव का प्रदर्शन इस उत्सव के प्रमुख आकर्षण रहे।
काशी के घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और गंगा किनारे का मनमोहक दृश्य एक बार फिर दुनिया को भारत की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखा गया।
