लखनऊ में सीबीआई ने स्क्रैप ठेके में अड़ंगा डालकर 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज रमेश कुमार को तीन लाख रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने उनके लखनऊ और रायबरेली ठिकानों पर छापेमारी की और उन्हें विशेष अदालत में पेश करने की तैयारी की।
सीबीआई ने रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज रमेश कुमार को मंगलवार शाम तीन लाख रुपये की घूस लेते दबोच लिया। इन्हें राजधानी लखनऊ स्थित वृंदावन कॉलोनी से गिरफ्तार किया गया। वह एक कंपनी संचालक को मिले स्क्रैप के ठेके में खलल डाल रहे थे और 10 लाख रुपये घूस देने का दबाव बना रहे थे।
कंपनी संचालक की शिकायत पर रमेश कुमार को सीबीआई, लखनऊ की एंटी करप्शन ब्रांच की टीम ने घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई ने उनके लखनऊ और रायबरेली के ठिकानों पर छापा भी मारा हैं, जहां से तमाम संदिग्ध दस्तावेज और नगदी मिलने की सूचना है।
बताते चलें कि रमेश कुमार पटना में रजिस्ट्रार ऑफ कंपनी के अलावा बिहार के निर्णायक प्राधिकारी और लिक्विडेटिंग ऑफिसर भी हैं। उन पर आरोप है कि वह डालमिया नगर में स्क्रैप का ठेका लेने वाले रोहतास शुगर मिल्स के मालिक अंकुर शर्मा को परेशान कर रहे थे। उसके ठेके का कुछ हिस्सा उन्होंने निरस्त भी करा दिया था। घूस की रकम नहीं मिलने पर सारा काम छिनवा देने की धमकी दे रहे थे।
सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा
इससे आजिज आकर अंकुर ने सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच में शिकायत की, जो सत्यापन में सही पाई गई। इसके बाद रमेश कुमार को ट्रैप करने की योजना बनाई गई। सीबीआई की टीम ने अंकुर को बतौर पेशगी तीन लाख रुपये देकर रमेश कुमार के पास भेजा। जैसे ही उन्होंने घूस की रकम ली, नजदीक मौजूद अधिकारियों ने उन्हें दबोच लिया। इसके बाद सीबीआई ने वृंदावन कॉलोनी और रायबरेली स्थित उनके आवास को खंगालना शुरू कर दिया। उन्हें बुधवार को राजधानी स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
