कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रेलबाजार थाना क्षेत्र के सीओडी पुल के पास तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क के दूसरी ओर पलट गई।

हादसे में बाइक सवार बाबू सिंह की मौत
जानकारी के मुताबिक, सीओडी पुल के पास कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान बाबू सिंह के रूप में हुई है।
वहीं, टक्कर के बाद कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क के दूसरी ओर जाकर पलट गई। कार में सवार परिवार के पांच लोग घायल हो गए।
काशीराम अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल
हादसे की सूचना मिलते ही रेलबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाया और सभी पांच घायलों को उपचार के लिए काशीराम अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने मृतक बाबू सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल रेलबाजार थाना पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
