लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री चेहरे की चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के सीएम चेहरे को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए कमल का फूल ही सब कुछ है और चुनाव सभी को कमल के फूल के नाम पर ही लड़ना है। कौन क्या है, यह सबको पता है। गौरतलब है कि एक दिन पहले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी कहा था कि कमल का फूल ही मुख्यमंत्री का चेहरा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को लखनऊ में एक टीवी मीडिया समूह को दिए साक्षात्कार में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने एनडीए गठबंधन, सपा-कांग्रेस के बीच राजनीतिक खींचतान, अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे, राहुल गांधी और प्रदेश की कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।
सपा-कांग्रेस गठबंधन पर योगी का निशाना, बोले- चुनाव से पहले ही फेल हुई दो लड़कों की जोड़ी
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले दो लड़कों की जोड़ी चुनाव परिणाम आने के बाद विफल होती थी, लेकिन इस बार चुनाव से पहले ही फेल हो गई है।
योगी ने कहा कि एक तरफ दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बैठकें हो रही हैं और दूसरी तरफ प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जा रहे हैं। यह दोनों दलों के बीच तालमेल की वास्तविक स्थिति को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक गठबंधन के भी अपने नियम, मान्यताएं और शिष्टाचार होते हैं, लेकिन सपा और कांग्रेस के बीच एक-दूसरे को शह और मात देने की कोशिश चल रही है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की स्थिति पर भी तंज कसते हुए इसे उसकी नकारात्मक सोच का परिणाम बताया।
अखिलेश यादव अयोध्या जाने से पहले रामभक्तों से मांगें माफी: योगी
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रामलला के दर्शन करना अच्छी बात है, लेकिन सपा प्रमुख को अयोध्या जाने से पहले रामभक्तों और हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को 90 के दशक में अपनी पार्टी की गलतियों को स्वीकार करना चाहिए। योगी ने कहा कि यदि उस समय सद्बुद्धि आ गई होती तो रामभक्तों पर गोली चलाने की नौबत नहीं आती।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मथुरा में राधे-राधे, अयोध्या में जय श्रीराम और काशी में हर-हर महादेव कहना आस्था के अनुरूप है। उन्होंने सपा के सनातन धर्म के प्रति मुखर होने पर तंज कसते हुए कहा कि दो नावों की सवारी हमेशा खतरनाक होती है।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना, घुसपैठियों के मुद्दे पर सपा को घेरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें ऐसा रॉकेट बताया, जिसे लॉन्च करने की कोशिश की जाती है, लेकिन वह हर बार विफल हो जाता है।
वहीं, अखिलेश यादव की घुसपैठियों को लेकर की गई टिप्पणी पर पलटवार करते हुए योगी ने कहा कि वास्तविक घुसपैठिए समाजवादी पार्टी को अपने सगे-संबंधी नजर आते हैं।
उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का समर्थन करते हुए कहा कि मतदाता सूची में केवल पात्र भारतीय नागरिकों के नाम होने चाहिए। मृतकों और दूसरी जगह स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम हटाए जाने चाहिए, लेकिन किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम नहीं कटना चाहिए।
एनडीए के सभी सहयोगी मिलकर लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
एनडीए में सीटों के बंटवारे और सहयोगी दलों के बीच मतभेद की अटकलों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खारिज किया। उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगी दल गठबंधन का हिस्सा हैं और सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
भाजपा में टिकट कटने के सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव समिति की संस्तुति के बाद संसदीय बोर्ड उम्मीदवारों पर अंतिम निर्णय लेता है। भाजपा की राजनीति जोड़ने की है, काटने की नहीं।
मुख्यमंत्री चेहरे के सवाल पर उन्होंने दोहराया कि भाजपा के लिए कमल का फूल ही सब कुछ है।
कट्टा-बम से ब्रह्मोस मिसाइल तक पहुंचा उत्तर प्रदेश: योगी
प्रदेश की कानून-व्यवस्था और औद्योगिक विकास पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी, दंगे और अराजकता का माहौल था। व्यापारी भयभीत रहते थे और निवेशक प्रदेश में आने से कतराते थे।
उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में कट्टा-बम बनाने की फैक्ट्रियां चलती थीं, जबकि आज उत्तर प्रदेश में रिवॉल्वर, राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है।
योगी ने कानून-व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि व्यापारियों और बहन-बेटियों के खिलाफ अपराध करने वालों के लिए अब दो ही जगह हैं- जेल या जहन्नुम।
यूपी को मिले 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव, बुलडोजर को बताया प्रदेश की ताकत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विकास और निवेश से जुड़े आंकड़े भी साझा किए। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश को करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।
उन्होंने कहा कि देश के कुल मोबाइल उत्पादन का 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का 60 प्रतिशत उत्तर प्रदेश में तैयार हो रहा है। वहीं, देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क में प्रदेश की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, 2017 से पहले प्रदेश में केवल दो एयरपोर्ट क्रियाशील थे, जबकि अब 17 एयरपोर्ट संचालित हैं। इसके अलावा अब तक करीब पौने 10 लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।
योगी ने बुलडोजर को उत्तर प्रदेश की ताकत बताते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में परिवारवाद की राजनीति समाप्त हो चुकी है।
