मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में 1,594 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया। इनमें 201 लेखा परीक्षक और 1,393 सहायक लेखाकार शामिल हैं। कार्यक्रम इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित हो रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज नौजवान पूछता है कि जब आप सरकार में थे, तब क्या किया था? अब क्या करोगे? मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य माना जाता था। युवा पलायन करते थे, किसान आत्महत्या करते थे और बेटियां भी सुरक्षित नहीं थीं।
सीएम योगी ने कहा कि पहले प्रदेश में भर्ती और विकास पर परिवारवाद तथा भ्रष्टाचार हावी था। उन्होंने आरोप लगाया कि चाचा-भतीजा की जोड़ी भ्रष्टाचार में लिप्त रहती थी और सरकारी नौकरियों से लेकर विकास योजनाओं तक में जनता के हितों की अनदेखी की जाती थी। पहले सैफई नौकरी खा जाता था, जबकि आज पारदर्शी व्यवस्था के तहत योग्य युवाओं को बिना भेदभाव नौकरी मिल रही है।
2017 से पहले चरम पर थी गुंडागर्दी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी चरम पर थी। उस समय कानून व्यवस्था की स्थिति ऐसी थी कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन गुंडा’ का माहौल था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘देख सपाई बिटिया घबराई।’
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के पास विकास को लेकर कोई विजन नहीं था। विकास के लिए आने वाला पैसा चाचा-भतीजे की जोड़ी लूट लेती थी। आज सड़क कनेक्टिविटी प्रदेश की प्रगति का आधार बनी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने में उत्तर प्रदेश अहम भूमिका निभाएगा। योगी ने कहा कि अब प्रदेश के नौजवानों के सामने पहचान का संकट नहीं है। सरकार ने युवाओं को अवसर देने और प्रदेश में विकास का माहौल बनाने का काम किया है।
