विकासनगर: उत्तराखंड के विकासनगर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कालसी-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर धमोग के पास एक सवारी वाहन अनियंत्रित होकर सीधे टोंस नदी में जा गिरा। इस हादसे में दो साल की मासूम बच्ची और 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, वाहन में चालक समेत कुल छह लोग सवार थे। सभी यात्री नेपाली मूल के बताए जा रहे हैं। सवारी वाहन हिमाचल प्रदेश के नेरूआ से विकासनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान धमोग के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और वाहन गहरी खाई से होते हुए टोंस नदी में जा गिरा।
स्थानीय लोगों की मदद से शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में दो साल की बच्ची और 65 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। वाहन चालक को भी मामूली चोटें आई हैं।
नेरूआ से विकासनगर जा रहा था वाहन
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वाहन हिमाचल प्रदेश के नेरूआ से विकासनगर की ओर जा रहा था। कालसी-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर धमोग के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और टोंस नदी में जा गिरा।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
